कॉमनवेल्थ गेम्स: लवप्रीत ने जीता रजत, सीमा ने दिलाया कांस्य; राष्ट्रपति समेत नेताओं ने दी बधाई

0
lovepreet-singh-31-7-26-44

ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के आठवें दिन भारत ने दो और पदक अपने नाम किए। पुरुषों की 110+ किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में लवप्रीत सिंह ने रजत पदक जीता, जबकि महिला डिस्कस थ्रो प्रतियोगिता में सीमा कालीरमन ने कांस्य पदक हासिल कर देश का गौरव बढ़ाया। दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लवप्रीत सिंह को बधाई देते हुए कहा कि उनका शानदार प्रदर्शन उनके दृढ़ संकल्प, अद्भुत ताकत और निरंतर उत्कृष्टता हासिल करने की प्रतिबद्धता का परिचायक है। उन्होंने कहा कि उनकी इस उपलब्धि पर पूरे देश को गर्व है और भविष्य में भी वे नई ऊंचाइयों को छुएं, यही शुभकामना है।

महिला डिस्कस थ्रो में कांस्य पदक जीतने वाली सीमा कालीरमन को बधाई देते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि उनकी सफलता कड़ी मेहनत, समर्पण और लगन का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि सीमा की उपलब्धि देश की युवा महिला खिलाड़ियों को खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि की सराहना की। उन्होंने लवप्रीत सिंह के रजत पदक को भारत के लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि यह उनकी मेहनत, ताकत और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिणाम है। वहीं सीमा कालीरमन को 58.65 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ कांस्य पदक जीतने पर बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि यह सफलता उनके साहस, आत्मविश्वास और संघर्ष की मिसाल है।

केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने लवप्रीत सिंह के कुल 388 किलोग्राम भार उठाकर रजत पदक जीतने की सराहना की। उन्होंने सीमा कालीरमन को भी महिला डिस्कस थ्रो में कांस्य पदक जीतने पर बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र, पटियाला की इस खिलाड़ी ने शानदार प्रदर्शन कर देश का मान बढ़ाया है।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सीमा कालीरमन को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी लगन, अनुशासन और दृढ़ संकल्प से मिली यह सफलता पूरे देश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सीमा भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का नाम रोशन करती रहेंगी।

कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों के लगातार बेहतर प्रदर्शन से देश की पदक तालिका और मजबूत हुई है। लवप्रीत सिंह और सीमा कालीरमन की उपलब्धियां देशभर के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed