शी जिनपिंग का भारत दौरा: 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने नई दिल्ली पहुंचेंगे चीनी राष्ट्रपति
चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग आज शनिवार से शुरू हो रहे दो दिवसीय 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए नई दिल्ली आ रहे हैं। पिछले लगभग सात वर्षों में यह उनकी पहली भारत यात्रा है। चीनी विदेश मंत्रालय ने पुष्टि की है कि राष्ट्रपति शी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर 12 और 13 सितंबर को आयोजित इस सम्मेलन में शामिल होंगे।
2020 की गलवान घाटी झड़प के बाद से दोनों देशों के रिश्तों में आए तनाव के बीच यह दौरा काफी अहम माना जा रहा है। भारत ने हमेशा इस बात पर बल दिया है कि दोनों देशों के बीच सामान्य और बेहतर संबंधों के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति एवं स्थिरता सबसे पहली शर्त है।
सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच एक विस्तृत द्विपक्षीय बैठक होने की उम्मीद है। भारत में चीन के राजदूत शू फीहोंग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी दी कि दोनों देश इस उच्च स्तरीय बैठक की तैयारियों में जुटे हैं। कजान और तियानजिन की मुलाकातों के बाद यह लगातार तीसरा साल होगा जब दोनों शीर्ष नेता आमने-सामने होंगे।
राजदूत फीहोंग ने कहा कि चीन दोनों देशों के बीच बातचीत बढ़ाने, मतभेदों को सही ढंग से सुलझाने और एक-दूसरे की सफलता में मददगार साझेदार बनने के लिए भारत के साथ मिलकर काम करने को तैयार है। इस सम्मेलन में सदस्य देशों के अलावा अन्य आमंत्रित देशों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे, जहां वैश्विक व क्षेत्रीय मुद्दों और आपसी सहयोग को मजबूत करने पर मंथन किया जाएगा।
