शीतल देवी वर्ल्ड आर्चरी पैरा सीरीज के फाइनल में पहुंचीं

0
sheetal-devi-7-9-26-5800

भारत की स्टार पैरा तीरंदाज और वर्ल्ड आर्चरी पैरा चैंपियन शीतल देवी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अहमदाबाद में जारी वर्ल्ड आर्चरी पैरा सीरीज 2026 के तीसरे चरण में कंपाउंड महिला व्यक्तिगत वर्ग के फाइनल में प्रवेश कर लिया है।

सोमवार को खेले गए सेमीफाइनल में शीर्ष वरीयता प्राप्त शीतल देवी ने अपनी हमवतन सरिता को 145-143 से हराया। अब बुधवार को फाइनल में उनका सामना कजाकिस्तान की दूसरी वरीय खिलाड़ी आइजादा सेइडन से होगा। वहीं, सरिता कांस्य पदक के मुकाबले में चीन की वांग हुइटिंग से भिड़ेंगी।

शीतल ने इससे पहले रविवार को क्वालिफिकेशन राउंड में 698 अंक हासिल कर सीजन का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था। उन्होंने अपने ही एशियाई रिकॉर्ड में एक अंक का सुधार किया। 19 वर्षीय शीतल ने इस दौरान 25 बार ‘10’ और 26 बार ‘एक्स’ स्कोर किया। उनके शानदार प्रदर्शन के चलते वह क्वालिफिकेशन में दूसरे खिलाड़ियों से 10 अंक आगे रहीं।

शीतल की मौजूदा फॉर्म आगामी आइची-नागोया 2026 एशियन पैरा गेम्स से पहले भारत के लिए भी महत्वपूर्ण है। वह इन खेलों में कंपाउंड महिला व्यक्तिगत और मिक्स्ड टीम खिताब का बचाव करने उतरेंगी।

मिक्स्ड टीम स्पर्धा में भी शीतल ने अनुभवी भारतीय तीरंदाज राकेश कुमार के साथ मिलकर नया विश्व रिकॉर्ड बनाया। दोनों ने क्वालिफिकेशन राउंड में कुल 1400 अंक हासिल किए और पेरिस 2024 पैरालंपिक में बनाए अपने पिछले विश्व रिकॉर्ड को एक अंक से बेहतर किया। शीतल और राकेश की जोड़ी ने पेरिस 2024 में मिक्स्ड टीम का कांस्य पदक भी जीता था।

महिला डबल्स में शीतल ने लालपति के साथ मिलकर 1368 अंक हासिल किए और शीर्ष वरीयता प्राप्त की। पुरुष कंपाउंड व्यक्तिगत वर्ग में मौजूदा विश्व चैंपियन टोमन कुमार कांस्य पदक के लिए इराक के अब्बास काधिम से मुकाबला करेंगे। राकेश कुमार और टोमन कुमार ने पुरुष डबल्स क्वालिफिकेशन में 1398 अंक हासिल कर शीर्ष वरीयता हासिल की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *